अजय भट्ट ने कप्तान से की फोन पर वार्ता।
दिल्ली। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री व नैनीताल उधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने पंतनगर थाना क्षेत्र के शांतिपुरी में भारतीय जनता पार्टी के मंडल महामंत्री संदीप कार्की की गोली मारकर हत्या की घटना पर एसएसपी (SSP) उधम सिंह नगर मंजूनाथ टीसी से दूरभाष पर वार्ता करते हुए तत्काल हत्यारों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट (AJAY BHATT) ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शांतिपुर के भाजपा (BJP) मंडल महामंत्री संदीप कार्की के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है और कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और संगठन परिवारजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा है कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले हत्यारे जल्द पुलिस (POLICE) की गिरफ्त में होंगे। एसएसपी से वार्ता के बाद अजय भट्ट ने विश्वास जताया कि उधम सिंह नगर पुलिस जल्द घटना का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार करेगी।