खटीमा..
रिपोर्ट: अनुज कुमार शर्मा
उत्तरकाशी की सिलक्यारा चारधाम सड़क परियोजना की क्षतिग्रस्त हुई टनल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत के टनकपुर क्षेत्र का एक युवक पुष्कर भी फंस गया है। दुर्घटना के चार दिन बाद भी युवक समेत अन्य 40 मजदूर सुरंग में फंसे हुए हैं। बुधवार को परियोजना मैनेजर के द्वारा फोन पर पुष्कर के परिवार को उनके बेटे के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई बेटे के क्षतिग्रस्त सुरंग में फंसने की जानकारी मिलने के बाद तुरंत ही पुष्कर के परिजन उत्तरकाशी रवाना हो गए हैं। टनकपुर के छीनीगोठ गांव का निवासी पुष्कर ऐरी (22) पुत्र राम सिंह ऐरी उत्तरकाशी के सिलक्यारा की क्षतिग्रस्त टनल में फंसा हुआ है। युवक के मामा महेंद्र सिंह ऐरी ने दूरभाष के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि दो माह पूर्व ही उनका भांजा पुष्कर अपने घर छीनीगोठ आया था तो उसने बताया था कि वह उत्तरकाशी में ऑलवेदर परियोजना में मजदूरी का काम करता है। युवक के परिजनों की उससे आखिरी बार बात दिवाली से एक दिन पहले हुई थी। तब से उनके परिजनों की उससे बात नहीं हो पा रही थी। बुधवार के दिन परिवार वालों को युवक के सुरंग में फंसने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बुधवार शाम कंपनी के मैनेजर से परिजनों की फोन पर बात हुई है। जिन्होंने युवक के क्षतिग्रस्त टनल में फंसे होने की एवं युवक के सही सलामत होने की सूचना दी। युवक के सुरंग में फंसने की सूचना मिलते ही युवक पुष्कर के परिजन तुरंत ही उत्तरकाशी रवाना हो गए हैं। युवक के पिता मजदूरी करते हैं जबकि माता गृहिणी हैं। टनकपुर के पुष्कर ऐरी का दोस्त सचिन जोशी जो कि स्वयं भी उत्तरकाशी में सिलक्यारा सुरंग में मजदूरी का काम करता है। सचिन ने दूरभाष पर पुष्कर के परिवार वालों को बताया कि उसने दिवाली में पुष्कर से घर जाने की बात कही थी। लेकिन पुष्कर ने यह कहकर मन कर दिया कि वह दिवाली से पहले ही अपने घर जा चुका है। इसके बाद पुष्कर भूस्खलन होने पर सुरंग में फंस गया। पुष्कर के परिजनों एवं ग्राम वासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके बेटे का रेस्क्यू कर युवक सहित सभी 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की गुहार लगाई है।