रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर नैनीताल लोकसभा सांसद अजय भट्ट के प्रतिनिधि ने ऊधमसिंह नगर भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा पर मुख्यमंत्री को गुमराह करने का सीधा आरोप लगाया है। सांसद प्रतिनिधि संजीव गुप्ता का आरोप है कि भाजपा से जिले का नेतृत्व करने वाले जनप्रतिनिधि ने मुख्यमंत्री को गुमराह कर कार्यक्रम में फेरबदल किया, जिससे कार्यकर्ताओं का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में आये थे, जिसके बाद उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता के यहां भोजन के लिये जाना था लेकिन भाजपा जिला नेतृत्व ने सीएम को गुमराह किया है। जिससे कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में देर से पहुंचे थे, जिसके चलते तय कार्यक्रम में हेरफेर हुआ। मौसम को देखते हुए प्रोटोकॉल के चलते पायलट द्वारा करीब चार बजे उड़ान भरने के लिए कहा गया, जिसके चलते सीएम आपाधापी में देहरादून को रवाना हो गए। वहीं सूत्रों की माने तो भाजपा नेता उत्तम दत्ता को फोन पर सूचित कर दिया था कि जरुरी कारणों के चलते सीएम देहरादून रवाना हो रहें हैं।