एक पति ने रिश्तों की मर्यादा तो तार तार कर ही दी इंसानियत को भी शर्मसार कर दिया, उसने दिखा दिया की महाभारत कलयुग में भी हो सकती है, आज भी लोग महाभारत को याद करते हैं तो सबसे ज्यादा द्रोपदी के चीर हरण को याद करते हैं जब पांडवों ने द्रोपदी को दांव पर लगा दिया था…जिसके बाद एक विनाश देखना पड़ा था. एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां एक पति ने ने जुएं में हारने पर अपनी पत्नी को गिरवी रख दिया….
रिपोर्ट: साक्षी सक्सेना
घटना उत्तर प्रदेश के अमरोहा की है जहां ससुराल वालों ने विवाहिता को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पति दिल्ली में जुआ हारने के बाद विवाहिता को गिरवी रखकर आ गया। विरोध करने पर विवाहिता के साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया गया। शिकायत पर पुलिस ने पति समेत 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किसान का परिवार रहता है। उन्होंने तीन साल पहले अपनी बेटी की शादी देहात थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले विवाहिता को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे।
विवाहिता को दो बेटियां हैं। विवाहिता का पति जुआ खेलता है। इसके लिए 15 लाख रुपये की मांग करता है। इस बीच आरोपी पति दिल्ली में जुआ हारने के बाद विवाहिता को गिरवी रख आया। जानकारी होने पर विवाहिता का भाई उसे वहां से छुड़ाकर लाया। करीब छह महीने पहले ससुराल वालों ने मारपीट कर विवाहिता को घर से निकाल दिया।
देवर ने विवाहिता के साथ छेड़खानी की। तभी से वह अपने मायके में पिता के घर रहती है। विवाहिता ने मामले की शिकायत एसपी कुंवर अनुपम सिंह से की। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मामले में पति समेत 9 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, छेड़खानी और मारपीट के आरोप में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।