बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पीआरओ नन्दन सिंह बिष्ट को बर्खास्त कर दिया गया है। उनके बर्खास्त करने की वजह वायरल पत्र बताया जा रहा है, जिसमें सीएम के पीआरओ नन्दन सिंह बिष्ट ने तीन वाहनों के चालान को निरस्त करने की बात लिखी है।
बताते चलें बीती 8 दिसंबर को मुख्यमंत्री के पीआरओ नन्दन सिंह बिष्ट ने पत्र संख्या 172/मु.म.आ.का./2021-21 में बागेश्वर एसएसपी को पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने कहा था कि “मुख्यमंत्री जी के मौखिक निर्देशानुसार मुझे यह कहने का निर्देश हुआ है कि दिनांक 29 नवंबर 2021 को बागेश्वर यातायात पुलिस द्वारा वाहन संख्या UK02 CA 0238, UK02 CA 1238 व UK04 CA 5907 के चालान को निरस्त करने का कष्ट करें।”
जिसके बाद से ही पत्र सोशल मीडिया में वायरल होने लगा। पत्र वायरल होने के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री के पीआरओ नन्दन सिंह बिष्ट को बर्खास्त भी कर दिया गया। सूत्रों की मानें तो यह वाहन भाजपा नेता के बताए जा रहे हैं, जिन्होंने चालान जमा भी कर दिये हैं लेकिन वायरल पत्र के मुताबिक सत्ता का उपयोग साफ दिख रहा है।